Digvijay Singh :- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला है और उनके दल-बदल की तुलना आजादी की पहली लड़ाई के दौरान सिंधिया परिवार की गलती से की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, ”राजनीति में विश्वसनीयता भी कोई चीज़ होती है। व्यक्ति की कथनी और करनी एक होने पर लोगों का उस पर विश्वास होता है। एक गलती 1857 में हुई और एक गलती 2020 में कर दी। आप कितने ही बड़े पद पर पहुंच जाएं, लोग वही कहेंगे जो आज कह रहे हैं। इतिहास कभी माफ़ नहीं करता। एक अन्य ट्वीट में सिंह ने लिखा महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया! आपको कांग्रेस ने क्या नहीं दिया?
सम्मान दिया पद दिये, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने आपको अपने परिवार का सदस्य माना। फिर आप क्यों भाजपा के साथ चले गये जिन्हें आपने लगभग 20 सालों तक पानी पी-पी कर कोसा हो? राज्य की सियासत में सिंधिया राजघराने और राघोगढ़ की अदावत पुरानी है। सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद से यह और गहरी हो चली है। अब दोनों एक-दूसरे पर खुले हमले कर रहे है। उसी क्रम में दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सिंधिया पर हमला बोला है। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



