मुंबई। अपने भतीजे अजित पवार की बगावत अपनी पार्टी एनसीपी में टूट के बाद शरद पवार ने कहा है कि वे एक बार फिर अपनी पार्टी खड़ी करके दिखाएंगे। रविवार को अपनी पार्टी में टूट के बाद मीडिया से बात करते हुए शरद पवार ने भाजपा पर हमला किया। उन्होंने यह भी कहा कि वे गुरू रहे स्वर्गीय यशवंत राव चव्हाण को श्रद्धांजलि देंगे, उनका आशीर्वाद लेंगे और फिर पूरे प्रदेश की यात्रा करेंगे। उन्होंने एनसीपी के ऊपर प्रधानमंत्री की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि अब सारे साथी आरोपों से मुक्त हो गए हैं।
अपनी पार्टी के ऊपर अजित पवार के दावे पर उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के बाद इस दावे की सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा- कई दलों के नेताओं ने मुझे फोन किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी और कई नेताओं ने मुझसे बात की है। शरद पवार ने कहा- मैंने छह जुलाई को सभी नेताओं की एक बैठक बुलाई थी, जहां कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी और पार्टी के भीतर कुछ बदलाव किए जाने थे लेकिन उससे पहले ही कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया है।
पवार ने कहा- महाराष्ट्र के युवाओं पर मेरा भरोसा है। मैंने महाराष्ट्र के विकास के लिए काम किया है। हमने कई बार गठबंधन में सरकार को स्थापित किया है। अब मैं राज्य और देश का दौरा करुंगा और पार्टी के विकास के लिए काम करूंगा। मुझे अपने पार्टी के लोगों पर भरोसा है। अपनी पार्टी को फिर से खड़ा करने का संकल्प जताते हुए शरद पवार ने कहा- साल 1980 में चुनाव के बाद मैं जिस पार्टी का नेता था उस पार्टी के 58 विधायक जीतकर आते थे। लेकिन छह को छोड़ कर सभी विधायक ने पार्टी से बाहर चले गए। मैंने छह विधायकों के साथ पार्टी को खड़ा किया है। मैं फिर पार्टी को खड़ा करुंगा।
प्रफुल्ल पटेल को लेकर शरद पवार ने कहा- उन पर अब भरोसा नहीं रहा। उन्होंने भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने बहुत बड़ी गलती है। गौरतलब है कि पवार ने पिछले दिनों उनको पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। शरद पवार ने रविवार को कहा- दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एनसीपी के बारे कहा था कि एनसीपी खत्म हो चुकी पार्टी है। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया था। मुझे खुशी है कि मेरे कुछ साथियों ने आज शपथ ली है। उनके सरकार में शामिल होने से यह स्पष्ट है कि वे सभी आरोप मुक्त हो गए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


