मुंबई। मराठा आरक्षण के लिए दो बार आंदोलन कर चुके मनोज जारांगे पाटिल ने एक बार फिर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि वे 20 जनवरी से मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन करेंगे। शनिवार को बीड में मराठा आरक्षण सभा हुई थी, जिसमें मनोज जारांगे पाटिल ने यह ऐलान किया। इस सभा से दो सौ जेसीबी से उनके ऊपर फूल बरसाए गए और पूरे कार्यक्रम की जगह पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बरसात की गई।
गौरतलब है कि मनोज जारांगे ने अक्टूबर में नौ दिन का अनशन किया था। तब उन्होंने सरकार को आरक्षण लागू करने दो जनवरी तक का समय दिया था। महाराष्ट्र सरकर ओबीसी में मराठा आरक्षण देना चाहती है। लेकिन राज्य सरकार के मंत्री छगन भुजबल ने ओबीसी समुदाय की ओर से मोर्चा संभाला है और ओबीसी के आरक्षण में मराठाओं को शामिल करने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। मनोज जारांगे पाटिल ने शनिवार को भुजबल पर भी हमला बोला।
उन्होंने आंदोलन का ऐलान करते हुए कहा- हम अपने हक का आरक्षण चाहते हैं, यही हमारी लड़ाई है। हम सरकार से अपील करते हैं कि हम सभी का दर्द एक जैसा है, आरक्षण मिलने तक मराठा पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा- सरकार को समझदारी भरा रुख अपनाना चाहिए, मंत्री छगन भुजबल की बात न सुनें, अगर एक बार पूरा समाज परेशान हो जाए तो अपना मामला साफ समझिए। मनोज जारांगे ने यह भी कहा- मेरे मराठों को परेशान मत करो, तुमने एक बार कोशिश की थी। अब सावधान हो जाओ। हर कोने में मराठा समुदाय आक्रामक हो गया है। अगर आपने छगन भुजबल की बात मानी और मराठों के साथ अन्याय किया तो इसका नतीजा बुरा होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


