nayaindia AAP-Congress alliance चंडीगढ़ में आप-कांग्रेस का गठबंधन

चंडीगढ़ में आप-कांग्रेस का गठबंधन

चंडीगढ़। दिल्ली और पंजाब में गठबंधन करके लोकसभा का चुनाव लड़ने से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच चंडीगढ़ में महापौर और उप महापौर के चुनाव के लिए गठबंधन हो गया है। इससे पहले पिछले दो बार से कांग्रेस ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था, जिससे भाजपा का महापौर बन रहा था। लेकिन इस बार कांग्रेस और आप के मिल कर लड़ने से महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और महापौर का पद इन दो पार्टियों को मिलेगा। इससे आगे के गठबंधन का रास्ता भी साफ होता दिख रहा है।

जानकार सूत्रों के मुताबिक दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन पर सहमति बन गई है। बताया जा रहा है कि गठबंधन के तहत आप महापौर की सीट के लिए लड़ेगी जबकि कांग्रेस वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पद पर चुनाव लड़ेगी। गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 और आप के 13 पार्षद हैं। इसके अलावा कांग्रेस के सात और शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है। चंडीगढ़ के सांसद पदेन सदस्य होते हैं और मतदान में हिस्सा लेते हैं। फिलहाल भाजपा की किरण खेर सांसद हैं।

बहरहाल, महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए गुरुवार को मतदान होगा। कांग्रेस ने 2022 और 2023 में मतदान में भाग नहीं लिया था, जिससे महापौर के चुनाव में भाजपा की जीत हुई। सदन के पांच साल के कार्यकाल के दौरान हर साल तीन पदों के लिए चुनाव होते हैं। इस साल महापौर की सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुरक्षित है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें