चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष पद से सुखबीर सिंह बादल का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान पद से इस्तीफा दिया था, जिसे शुक्रवार, 10 जनवरी को मंजूर कर लिया गया। सुखबीर के इस्तीफे पर चंडीगढ़ में अकाली दल की कार्य समिति की मीटिंग हुई, जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी प्रमुख बलविंदर सिंह भूंदड़ ने की।
सुखबीर का इस्तीफा मंजूर किए जाने के बाद तय किया गया कि एक मार्च को प्रधान पद के लिए चुनाव होगा। गुलजार सिंह राणिके को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाया गया है। यह भी तय किया गया है कि 20 जनवरी से 20 फरवरी तक सदस्यता अभियान चलेगा। पार्टी ने 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। माना जा रहा है कि 30 साल के बाद बादल परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति अकाली दल का अध्यक्ष बनेगा।
गौरतलब है कि शिरोमणि अकाली दल का गठन 14 दिसंबर 1920 को हुआ था। इसके बाद से पार्टी के 20 प्रधान बने। प्रकाश सिंह बादल ने 1995 में पार्टी की कमान संभाली और 2008 तक इस पद पर रहे। उसके बाद सुखबीर बादल को प्रधान बना दिया गया। 16 नवंबर 2024 को सुखबीर बादल ने इस्तीफा दे दिया था। अब उनका इस्तीफा मंजूर हो गया है तो ऐसा माना जा रहा है कि 30 साल बाद बादल परिवार के बजाय कोई दूसरा अकाली दल का प्रधान बन सकता है। कुछ समय पहले सुखबीर को कई मामलों में श्री अकाल तख्त की ओर से धार्मिक सजा सुनाई गई थी। उन्होंने सजा काटी है और उस दौरान उनके ऊपर हमला भी हुआ था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


