जयपुर। भजनलाल शर्मा राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में 15 दिसंबर को शपथ लेंगे। शपथ समारोह की तैयारियों के लिए बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीटिंग हुई। इसमें मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा प्रदेश भाजपा के बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:15 बजे अल्बर्ट हॉल के बाहर होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
भजनलाल शर्मा के दोनों उप मुख्यमंत्री- दीया कुमार और प्रेमचंद बैरवा भी शपथ लेंगे। इससे पहले बुधवार की सुबह भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में सांगा बाबा मंदिर के दर्शन किए। वहां से वे सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। इस बीच सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री मनोनीत होने की बधाई दी तो भजनलाल शर्मा ने भी उनका आभार जताया।
इससे पहले बुधवार की सुबह मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को उनके परिवार सहित जयपुर में चंबल पावर के गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया गया। उनकी शपथ की तैयारियों के साथ नई सरकार के स्वरूप पर विचार हो रहा। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि उनके साथ मंत्रियों की शपथ होगी या नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


