जयपुर। राजस्थान में विधानसभा की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है और अब मतदान में एक महीने से भी कम समय बचा है और इस बीच गुरुवार को केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय, ईडी ने राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के घर और दूसरे परिसरों पर छापा मारा। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को भी ईडी ने विदेशी मुद्रा विनिमय कानून यानी फेमा के केस में समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई की तीखी आलोचना की। मुख्यमंत्री गहलोत के विरोधी माने जाने वाले पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रेस कांफ्रेंस करके ईडी की इस कार्रवाई की आलोचना की।
बहरहाल, ईडी ने छापा मारने के साथ ही सीकर स्थित डोटासरा के निजी आवास पर उनसे करीब 11 घंटे तक पूछताछ की। ईडी की टीम डोटासरा के जयपुर के सिविल लाइंस में सरकारी आवास पर भी पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जयपुर में डोटासरा के सिविल लाइंस आवास पर कार्रवाई शाम तक पूरी हो गई। थी, जबकि जयपुर और सीकर में कुछ जगहों पर ईडी की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही थी। ईडी के छापों के बाद डोटासरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- ‘सत्यमेव जयते’।
रात करीब सवा आठ बजे ईडी की टीम डोटासरा के घर से निकली और बाद डोटासरा अपने घर के बाहर आए और समर्थकों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने छापों पर नाराजगी जताते हुए कहा- आज जो स्थिति है वह चिंताजनक है। सवाल मेरे बेटे और पीसीसी चीफ के छापों का नहीं है, सवाल इन एजेंसियों की साख का है। इन एजेंसियों ने पूरे देश में आतंक मचा रखा है। इस बीच यह भी खबर है कि महवा से निर्दलीय विधायक और कांग्रेस उम्मीदवार ओमप्रकाश हुड़ला के ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




