विजयवाड़ा। एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में आंध्र प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जी रूद्र राजू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं वाईएस शर्मिला को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि शर्मिला प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। पहले कहा जा रहा था कि उनको कांग्रेस का महासचिव बनाया जाएगा। लेकिन रूद्र राजू के इस्तीफे के बाद कहा जा रहा है कि वाईएस शर्मिला की इस पद पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
इससे पहले राजू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेज दिया है। गौरतलब है कि शर्मीला के कांग्रेस में शामिल होने के बाद रूद्र राजू ने उनका कांग्रेस में स्वागत किया था और उनके लिए पद छोड़ने की पेशकश की थी। शर्मिला ने चार जनवरी को वाईएसआर तेलंगाना पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। वे मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं थी।
इससे पहले वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की संस्थापक वाईएस शर्मिला ने नवंबर में हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन दिया था। उन्होंने कांग्रेस का समर्थन करने के लिए तेलंगाना में चुनाव नहीं लड़ा था। राज्य में कांग्रेस की जीत के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। अब वे आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



