नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के शपथ लेने के बाद विवादों का सिलसिला थम नहीं रहा है। केरल से लोकसभा का चुनाव जीतने वाले भाजपा के इकलौते सांसद सुरेश गोपी के मंत्री पद छोड़ने का विवाद सोमवार को दिन भर चलता रहा। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि मंत्री पद छोड़ने की खबर गलत है। सुरेश गोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म गलत खबर फैला रहे हैं कि मैं मोदी सरकार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने जा रहा हूं। यह पूरी तरह गलत है। मोदी जी के नेतृत्व में हम केरल के विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं।
असल में, एक मलयालम न्यूज चैनल ने गोपी के हवाले से दावा किया था कि वे मंत्री नहीं बनना चाहते हैं और एक सांसद के रूप में काम करेंगे। मलयालम फिल्मों के जाने माने अभिनेता सुरेश गोपी ने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद कहा था कि वे फिल्म इंडस्ट्री नहीं छोड़ेंगे क्योंकि एक्टिंग उनका जुनून है। उनके पास पहले से ही कुछ फिल्म प्रोजेक्ट लंबित हैं। तभी कहा जा रहा था कि वे मंत्री बनने की बजाय फिल्मों में काम जारी रखना चाहते हैं।
गौरतलब है कि सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और सीपीआई के सुनील कुमार को हराया है। कांग्रेस के मुरलीधरन तीसरे स्थान पर रहे थे। लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के दौरान अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी का मुख्य चुनावी मुद्दा था कि त्रिशूर के लिए एक केंद्रीय मंत्री, मोदी की गारंटी। गोपी के अलावा दूसरे भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन हैं, जिन्हें राज्य मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



