द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम ( द्रमुक) ने महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक का संसद में समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ में शनिवार को आयोजित द्रमुक सांसदों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही पार्टी ने अपने पूर्व राष्ट्रीय सहयोगी कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। द्रमुक का यह फैसला मोदी सरकार द्वारा विधेयक में बदलाव करने के एक दिन बाद आया है। सरकार ने तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने और अगले 25 वर्षों तक इसे स्थिर रखने का फैसला किया है।
लोकसभा में द्रमुक के 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं। ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए पार्टी का समर्थन महत्वपूर्ण है। पार्टी मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ में द्रमुक सांसदों की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा हमने अगले 25 वर्षों तक तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखने के अपने लगातार प्रयासों में सफलता हासिल की है। 1976 में हुए परिसीमन के दौरान तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 42 से घटाकर 39 कर दी गयी थीं। अब हमने यह सुनिश्चित किया है कि न केवल सीटों में हमारा प्रतिशत प्रभावित न हो, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में भी वृद्धि हो।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन के मुद्दे को भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि भविष्य को ध्यान में रखकर देखा है। गत अप्रैल में द्रमुक द्वारा विधेयक का विरोध करने और उसे संसद में पारित होने से रोकने के फैसले को उचित ठहराते हुए श्री स्टालिन ने कहा उस समय विधानसभा चुनाव के दौरान बिना किसी आश्वासन या किसी से विचार-विमर्श किए एक रहस्यमय विधेयक एकतरफा तरीके से लाया गया था। इसे इतना जल्दबाजी में आगे बढ़ाया गया कि सांसदों को इसे पढ़ने तक का समय नहीं दिया गया। हमने संसद में इसका विरोध कर इसे पराजित किया और भाजपा पर दबाव बनाया।
Also Read : बिस्लेरी ने पश्चिम बंगाल के नमूनों की जांच रिपोर्ट की समीक्षा की मांग की
‘अन्ना अरिवालयम’ में सांसदों की बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया है द्रमुक के सांसद संसद के विशेष सत्र में भी तमिलनाडु के इस अधिकार को मजबूती से उठाएंगे कि संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के आवंटन में राज्य की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं की जानी चाहिए। वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित और पहले से स्थिर रखे गए राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक भी बरकरार रखा जाना चाहिए। पार्टी तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व के अधिकार की रक्षा करने और दक्षिणी राज्यों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए दृढ़ता से काम करेगी।
पार्टी की ओर से अपना रुख बदलने का कारण बताते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि परिसीमन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। वर्ष 2002 में किए गए संविधान संशोधन के तहत 25 वर्षों के लिए लगाई गयी रोक समाप्त होने वाली है। इसके बाद वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर साधारण बहुमत से परिसीमन किया जा सकता है। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व काफी कम हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए द्रमुक शुरू से ही ‘निष्पक्ष परिसीमन’ की मांग करती रही है।
पार्टी ने हालांकि, परिसीमन के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में संभावित राजनीतिक हेरफेर को लेकर जताई जा रही आशंकाओं पर कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है। विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा साथ छोड़कर अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार में शामिल होने से नाराज द्रमुक ने कांग्रेस की आलोचना को खारिज करते हुए कहा आज कांग्रेस पार्टी का हमारे दल में कमियां निकालना उसकी ओछी सोच और घोर राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है।
प्रस्ताव में कहा गया कांग्रेस ने अपने सिद्धांतों को ताक पर रख दिया और केवल सत्ता हासिल करने के लिए आधी रात को चुपचाप गठबंधन छोड़कर दूसरे खेमे में शरण ले ली। ऐसे में उन्हीं लोगों के लिए अब यह गलत प्रचार करना स्वीकार्य नहीं है कि द्रमुक ने परिसीमन के मुद्दे पर दो विरोधाभासी रुख अपनाए हैं।
प्रस्ताव में कांग्रेस से द्रमुक को सिद्धांतों का पाठ पढ़ाने का दिखावा बंद करने और तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने वाले प्रयासों का समर्थन करने से बचने की अपील की गयी।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



