नई दिल्ली। महान किसान नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिए जाने के बाद अब उनको पोते और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी का भाजपा के साथ जाना महज औपचारिकता है। जयंत चौधरी ने शुक्रवार को इसका संकेत भी दे दिया। उन्होंने अपने दादा को भारत रत्न देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और अपने लिए कहा कि कहा कि अब वे भाजपा के साथ जाने से कैसे इनकार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय लोकदल का अभी तक समाजवादी पार्टी के साथ तालमेल था। लोकसभा चुनाव के लिए सपा ने रालोद को सात सीटें देने का ऐलान किया था। लेकिन पिछले दिनों खबर आई थी कि जयंत चौधरी की भाजपा के साथ बातचीत चल रही है और वे तीन या चार सीट लेकर एनडीए में शामिल हो सकते हैं। शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के साथ ही ये अटकलें हकीकत में बदल गईं। रालोद के भाजपा के साथ जाने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पूरा समीकरण बदल जाएगा। इसका असर राज्य की 25 लोकसभा सीटों पर होगा।
बहरहाल, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की सूचना के बाद जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया में लिखा- मजा आ गया! बहुत बड़ा दिन है, मेरे लिए भावुक पल है, यादगार है। मैं राष्ट्रपति जी, केंद्र सरकार और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री मोदी जी को धन्यवाद देता हूं। बहुत बड़ा संदेश पूरे देश में गया है। देश की भावनाएं सरकार के इस फैसले से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने आगे लिखा- पीएम मोदी ने साबित किया है कि वे देश की भावनाओं और चरित्र को बखूबी समझते हैं। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा- मैं किस मुंह से इनकार करूं। क्या अब कोई कसर बाकी है? मोदी जी ने दिल जीत लिया।
जयंत ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विट भी साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है- हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


