राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

विपक्ष का जन महाभियोग टला

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग का विपक्ष का कार्यक्रम शुक्रवार को नहीं हो सका। अब यह कार्यक्रम शनिवार, 31 अक्टूबर को होगा। शुक्रवार को बारिश की वजह से विपक्ष को अपना यह कार्यक्रम टालना पड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसकी जानकारी दी। असल में विपक्षी पार्टियों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम करना था। लेकिन वहां बारिश से बचाव का कोई इंतजाम नहीं किया गया था।

बारिश की वजह से जन महाभियोग कार्यक्रम टलने की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को दोपहर में बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, ‘हमने आज का कार्यक्रम बारिश के कारण कल करने का फैसला किया है। उसके बाद अगले दिन हम रामलीला मैदान पर मार्च करेंगे। हमने इसमें राजनीतिक, छात्र संगठनों और सभी लोगों से आने की अपील है’। इससे पहले भी राहुल गांधी ने एक वीडियो बना कर छात्रों, युवाओं से रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की थी।

कांग्रेस के जानकार नेताओं का कहना है कि राहुल इसे सिर्फ विपक्ष की रैली नहीं बनाना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि यह आम लोगों का प्रोटेस्ट बने। हालांकि राहुल गांधी इस रैली को बार बार मार्च कह रहे हैं, जबकि पुलिस ने कांग्रेस को रैली की इजाजत दी है और साफ तौर पर कहा है कि कोई मार्च नहीं होगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी रैली से पहले या बाद में लाल किले की तरफ या कहीं और मार्च कर सकते हैं।

बहरहाल, एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली से पहले शुक्रवार को विपक्षी नेताओं की एक अहम बैठक भी हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, ‘पूरा विपक्ष जो लड़ाई लड़ रहा है उसे देश के लोग अब समझ गए हैं। वे समर्थन कर रहे हैं। यूपी में एमएलसी चुनाव में यह भाजपा को अहसास कराया कि वे कितना पीछे हैं। जो सीट वो जीते हैं वो जुगाड़ बेईमानी से जीते हैं। सभी सीटों पर पढ़े लिखे लोगों ने सपा को मजबूत किया’।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा, ‘मैं सिर्फ एक बात कहना चाहता हूं। हम सभी इस लड़ाई में साथ हैं। यह राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोगों की भी लड़ाई है। हम सब मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे’। इस बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानी सीटीआई ने शुक्रवार को फिर कांग्रेस से एक नवंबर की प्रस्तावित रैली स्थगित करने की अपील की है। इस बार सीटीआई ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा। व्यापारियों के इस संगठन ने इससे पहले राहुल गांधी को तीन बार चिट्ठी लिखी और रैली को 10 नवंबर तक स्थगित करने या बुराड़ी ग्राउंड में करने की अपील की। लेकिन राहुल ने उनकी मांग ठुकरा दी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment