राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

संविधान का गला घोंटने वाले ‘लाल किताब’ से कर रहे गुमराह: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की जागीर नहीं है। देश का प्रत्येक नागरिक ही संविधान और संप्रभुता का वास्तविक संरक्षक है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत अन्य अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया।

योगी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। संविधान की प्रस्तावना के पहले शब्द ‘हम भारत के लोग’ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना को व्यक्त करते हैं। इसका अर्थ है कि भारत की संप्रभुता का आधार कोई व्यक्ति या सत्ता नहीं, बल्कि देश की जनता है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के अनेक देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर लोगों को लंबे समय तक मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया, लेकिन भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मताधिकार दिया। यह भारतीय लोकतंत्र की महत्वपूर्ण विशेषता है।

उन्होने बताया कि प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों से संबंधित कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें 3,955 स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया जा रहा है। इन स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार छतरी, चहारदीवारी, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही परिसर में हरियाली और फुलवारी विकसित की जाएगी।

योगी ने कहा कि बाबा साहेब के साथ संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इन महापुरुषों से जुड़े स्थलों का संरक्षण और विकास करना उनके विचारों तथा सामाजिक न्याय की भावना के प्रति सम्मान प्रकट करना है। सरकार का प्रयास है कि इन स्थानों को बेहतर सुविधाओं से युक्त किया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान से परिचित हो सकें।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्हें भारत रत्न नहीं दिया गया और संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए भी षड्यंत्र किए गए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी आंबेडकर के नाम और सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

योगी ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया गया था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद उनका नाम फिर से बहाल किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने विभिन्न महापुरुषों के नाम पर संस्थानों और स्मारकों की स्थापना के माध्यम से उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किए जाने, बहराइच में महाराज सुहेलदेव के सम्मान में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने तथा अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय बनाए जाने का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू, दंगे और घोटाले आम बात थे। अपराधियों और माफिया को संरक्षण मिलता था। युवाओं को नौकरी पाने के लिए भ्रष्टाचार और वसूली का सामना करना पड़ता था। परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि गरीबों और वंचितों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था।

Also Read : सीजेपी नेताओं के खिलाफ मुंबई पुलिस का लुकआउट सर्कुलर

उन्होंने कहा कि कानून का शासन ही विकास की पहली शर्त है। प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। योगी ने संविधान निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां साझा करते हुए कहा कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्य थे। सभा की 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े चित्र भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को संविधान लागू होने की ऐतिहासिक तिथि 26 नवंबर 1949 का स्मरण नहीं रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू कर देश को संविधान के महत्व से जोड़ने का काम किया।

उन्होंने कांग्रेस को संविधान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा था, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस पर मुस्कुराते रहे। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने गरीबों, पिछड़ों तथा वंचित वर्गों के हितों की अनदेखी की।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कई राजनीतिक दल बाबा साहेब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके विचारों और सिद्धांतों को अपने आचरण में शामिल नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया है। पाठक ने कांग्रेस पर राजनीतिक हितों और वोट बैंक की राजनीति के लिए संविधान में संशोधन करने का आरोप लगाया।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान की किताब लेकर चलने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने कहा कि उस समय देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया था। खन्ना ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है।

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमाओं से जुड़े स्थलों को आंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन स्थानों पर छतरी, चहारदीवारी, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिसर को व्यवस्थित बनाने के लिए फुलवारी भी विकसित होगी।

उन्होंने कहा कि संत रविदास, संत कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों के संरक्षण की भी योजना है। इसके साथ ही गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के बेहतर अवसर मिल सकें।

संविधान दिवस समारोह की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुई। मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संविधान दिवस के महत्व पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment