उत्तराखंड के चमोली जिले की सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर आगामी 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य के सभी 13 जिलों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
यह मॉक ड्रिल राज्य से लेकर तहसील स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित की जाएगी। जिसमें लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर एक साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
मॉक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में अभिमुखीकरण एवं समन्वय सम्मेलन आयोजित की गई। कांफ्रेंस में सभी संबंधित विभागों, जिलों एवं विभिन्न स्तरों पर मॉक ड्रिल की तैयारियों, भूमिका एवं जिम्मेदारियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 25 से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, स्थानीय समुदायों, प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की क्षमताओं को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी।
Also Read : ब्रिगेड मैदान पर 10 लाख लोग करेंगे गीता पाठ: शुभेंदु
इसके पश्चात 28 नवंबर को लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न स्तरों पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान राज्य की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ग्लेशियल लेक अचानक जलप्रलय, बादल फटना, अचानक बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी में जलस्तर बढ़ने एवं बाढ़ की स्थिति, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना एवं बड़े पैमाने पर यात्रियों के फंसने, हेली इमरजेंसी लैंडिंग, भवन ढहने, औद्योगिक दुर्घटना, आगजनी, डैम/जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना तथा भीड़भाड़ वाले स्थान पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाकर अभ्यास किया जाएगा।
श्री सुमन ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किया जाए और इसमें राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, नगर निकायों, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक उद्देश्य आपदा से पहले तैयारी, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद प्रभावी पुनर्बहाली की संस्कृति को मजबूत करना है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और इसमें सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



