देहरादून। उत्तराखंड के शहर उत्तरकाशी में रविवार को एक बड़ी हिंदू महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें देश के अलग अलग हिस्सों से हिंदुवादी नेता पहुंचे। हैदराबाद के भाजपा विधायक टी राजा भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। शहर की एक मस्जिद को अवैध बताने के साथ शुरू हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए यह बैठक हुई थी। देवभूमि विचार मंच की ओर से इस महापंचायत का आयोजन किया गया। गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान और स्वामी दर्शन भारती भी महापंचायत में शामिल हुए।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करेंगे। इसके लिए सभी को आगे आना होगा। हैदराबाद के विधायक टी राजा ने कहा कि वे उत्तरकाशी और उत्तराखंड के लोगों को जगाने आए हैं कि वे एक हो जाएं।
Also Read: आज हो सकता है सीएम का फैसला
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी निशाना साधा और कहा कि उनको उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चाय पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा- यूपी के मुख्यमंत्री किस तरह से अवैध मस्जिद, मजारों और अवैध कब्जा करने वालों को सबक सिखाते हैं, वह स्टाइल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भी सीखने की जरूरत है।
गौरतलब है कि उत्तरकाशी में चार महीने से मस्जिद विवाद चल रहा है और अभी शांत होता नजर नहीं आ रहा है। 24 अक्टूबर को मस्जिद के खिलाफ संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ ने जनाक्रोश रैली निकाली थी, जिसमें पथराव और लाठीचार्ज की घटना में नौ पुलिसकर्मी सहित 27 लोग घायल हुए थे। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर देवभूमि विचार मंच ने रामलीला मैदान में महापंचायत का आयोजन किया। पहले जिला प्रशासन ने इसकी मंजूरी नहीं दी थी लेकिन शुक्रवार देर शाम प्रशासन ने सशर्त अनुमति दे दी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


