संगरूर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब में विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज किया। राहुल ने इस मौके पर राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार के साथ साथ केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर बहस की चुनौती दी और बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नियंत्रित करते हैं।
राहुल ने कहा कि अगर मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वे उनको पांच मिनट में देशद्रोही साबित कर देंगे।
राहुल गांधी ने संगरूर की सभा में कहा, ‘मैंने पीएम नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती दी है। मैंने उन्हें कहा है कि कहीं भी आकर मेरे साथ डिबेट कर लो, लेकिन वह मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते हैं। मैं गारंटी देता हूं कि पांच मिनट में उन्हें देशद्रोही साबित कर दूंगा’। उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नियंत्रित कर रहे हैं’। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 घंटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने यह कहते रहते हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया था। राहुल ने दावा किया कि अडानी के खिलाफ अमेरिका में चल रहे मामले को भी डोनाल्ड ट्रंप ने भारत व अमेरिका के व्यापार समझौते के बाद बंद करवा दिया।
राहुल ने कहा, ‘मेरा अनुमान है कि मोदी सरकार एक साल में निपट जाएगी। तीन साल बाद अमित शाह होम मिनिस्टर नहीं होंगे’। राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को स्टेज पर बुलाया। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में एक फैशन बन गया है।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ‘पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है। भगवंत मान दिल्ली में थे तो हमें चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी’। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में वोट चोरी हुई है और कई जगह वोट चोरों की सरकार चल रही है। उन्होंने दिल्ली में बैठी सरकार वोट चोरों की सरकार है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



