बीजिंग। चीन में कोरोना से हालात दिन ब दिन बुरे होते जा रहे हैं। चीन के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक बड़े अधिकारी के अनुसार 13 जनवरी से 19 जनवरी के बीच चीन के अलग-अलग अस्पतालों में करीब 13 हजार मरीजों की मौत हुई है। चीन में कोरोना इतना ज्यादा फैल चुका है कि इसकी चपेट में आधी से ज्यादा आबादी आ चुकी है।
गौरतलब है कि चीन ने एक सप्ताह पहले ही कहा था कि 12 जनवरी तक कोरोना की वजह से 60 हजार के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन चीन में कोरोना को लेकर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद अब इस आंकड़े में और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबक चीन के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र, सीडीसी ने एक बयान जारी करके कहा कि शनिवार को अस्पताल में भर्ती 681 ऐसे मरीजों की मौत हुई है, जिनके कोरोना की वजह से रेस्पिरेटरी सिस्टम फेल हो चुके थे। इनके अलावा 11,977 अन्य मरीजों की भी मौत हुई हैं, जिनको अलग-अलग बीमारी के साथ-साथ कोरोना भी हुआ था।
हालांकि, इन आंकड़ों में उन मरीजों की संख्या को नहीं जोड़ा गया है, जिनको कोरोना हुआ था और उनकी मौत घर पर ही हो गई। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रॉयटर्स में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया था कि चीन के ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण तेजी से बढ़ने की आशंका है, क्योंकि चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के लिए लाखों लोग अपने-अपने घरों को यात्रा करते हैं। चीनी नव वर्ष आधिकारिक तौर पर 21 जनवरी से शुरू होता है, और महामारी के प्रकोप से पहले इसे लोगों के सबसे बड़े वार्षिक प्रवास के रूप में जाना जाता था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


