नई दिल्ली। कोराना वायरस के केसेज में मंगलवार को बड़ी बढ़ोतरी की आशंका है। अकेले महाराष्ट्र में करीब दो सौ फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार का पूरे देश का आंकड़े केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय बुधवार की सुबह आठ बजे जारी करेगा लेकिन उससे पहले राज्यों से मिल रही खबरें परेशान करने वाली हैं। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 711 नए केस मिले हैं। एक दिन पहले यानी सोमवार को महाराष्ट्र में 248 नए केसेज मिले थे, जो बढ़ कर मंगलवार को 711 हो गए। राज्य में चार मरीजों की संक्रमण से मौत भी हो गई। महाराष्ट्र में एक्टिव केसेज की संख्या 3,792 हो गई है।
अगर पूरे देश की बात करें तो मंगलवार की सुबह आठ बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कुल 3,038 नए मामले आए। यह सोमवार का आंकड़ा है। बुधवार की सुबह का आंकड़ा इससे काफी बढ़ा होगा। बहरहाल, मंगलवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक देश में नौ लोगों की मौत हुई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक एक महीना पहले तीन मार्च को 334 नए केस सामने आए थे, जबकि 29 मार्च के बाद से हर दिन तीन हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं।
नए केसेज में बढ़ोतरी के चलते पिछले एक महीने में एक्टिव केस में भी साढ़े सात गुना की बढ़ोतरी हुई है। तीन मार्च को एक्टिव केसेज की संख्या 2,686 थी, जो सोमवार को बढ़कर 21,179 हो गई है। यह संख्या अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। इससे पहले 23 अक्टूबर को एक्टिव केस 20,601 थे। इस बीच खबर है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव हो गए हैं।
उधर, छत्तीसगढ़ के एक गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार को 19 छात्राएं संक्रमित पाई गई हैं। सभी को क्वारेंटाइन किया गया है। इन छात्राओं के संपर्क में आने वाली दूसरे छात्राओं की भी जांच की जा रही है। बहरहाल बताया जा रहा है कि पिछले एक हफ्ते से कोरोना के एक्टिव केसेज में हर दिन औसतन एक हजार की बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 40 दिन में कोरोना के एक्टिव केसेज में नौ सौ फीसदी का इजाफा हुआ है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


