राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल

बेंगलुरू। भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के दिग्गज नेता जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के बाद शेट्टार भाजपा के दूसरे बड़े लिंगायत नेता हैं, जो कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस ने उनको हुबली धारवाड़ मध्य सीट से उम्मीदवार बनाया है। वे इसी सीट से भाजपा के विधायक थे, लेकिन भाजपा ने उनको टिकट देने से मना कर दिया था। उसके बाद उन्होंने विधानसभा और भाजपा दोनों से इस्तीफा दे दिया।

भाजपा छोड़ने के बाद सोमवार की सुबह वे बेंगलुरू में कांग्रेस ऑफिस पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने खुद उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। इससे दो दिन पहले लक्ष्मण सावदी कांग्रेस में शामिल हुए थे और कांग्रेस ने उनको बेलगावी जिले की उनकी पारंपरिक अथानी सीट से उम्मीदवार बनाया।

शेट्टार के कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर सोमवार की सुबह एक प्रेस कांफ्रेंस भी हुई, जिसमें शेट्टार ने कहा- मैंने कल भाजपा से इस्तीफा दिया था और आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गया। मैं पूरे मन से कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। कई लोग इस बात से हैरान हैं कि नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहे नेता ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। भाजपा ने मुझे हर पद दिया और पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते मैंने हमेशा पार्टी के विकास के लिए काम किया।

उन्होंने आगे कहा- ‘पार्टी का वरिष्ठ नेता होने के नाते मुझे लगा कि मुझे टिकट मिलेगी, लेकिन जब मुझे पता चला कि मुझे टिकट नहीं मिल रही है तो मैं हैरान रह गया। मुझसे इस बारे में किसी ने बात नहीं की। ना ही मुझे समझाने की कोशिश की। यहां तक कि मुझे तसल्ली भी नहीं दी गई कि मुझे क्या पद दिया जाएगा। कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा कि शेट्टार के आने के बाद कांग्रेस राज्य में डेढ़ सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी। सिद्धारमैया ने कहा- जैसा व्यवहार भाजपा ने उनके साथ किया, वैसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। भाजपा ने उनके समुदाय और उनके समर्थकों का अपमान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि शेट्टार के आने से पार्टी मजबूत होगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × two =