चंडीगढ़। क्रिकेटर से नेता बने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू एक अप्रैल को जेल से रिहा हो जाएंगे। सिद्धू के ट्विटर हैंडल से शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी गई। ट्विट में लिखा है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने सिद्धू की रिहाई की सूचना दी है। बताया जा रहा है कि सजा के दौरान कोई छुट्टी नहीं लेने की वजह से सिद्धू को फायदा मिला है और वे समय से करीब डेढ़ महीना पहले रिहा हो रहे हैं।
गौरतलब है कि सिद्धू को रोडरेज केस में 19 मई 2022 को एक साल कैद की सजा सुनाई गई थी। इसके एक दिन बाद 20 मई 2022 को वे जेल गए थे। इस लिहाज से सिद्धू की सजा 19 मई को पूरी हो रही है, लेकिन सजा के दौरान छुट्टी नहीं लेने के चलते उन्हें पहले ही रिहा कर दिया जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू ने पूरी सजा के दौरान एक बार भी छुट्टी नहीं मांगी।
इससे पहले दिसंबर 2022 में नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई को लेकर चर्चाएं हुई थीं। तब कहा गया था पंजाब सरकार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर सिद्धू को रिहा करने वाली है। पंजाब कांग्रेस के नेताओं का एक बड़ा धड़ा सिद्धू के स्वागत की तैयारियों में भी जुट गया था और 26 जनवरी की सुबह से ही समर्थक जेल के बाहर पहुंच गए थे, लेकिन सिद्धू बाहर नहीं आए। बताया गया है कि 50 से ज्यादा कैदियों को आम आदमी पार्टी की सरकार ने रिहा किया लेकिन उसने सिद्धू के नाम पर विचार नहीं किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


