नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण (corona virus infection) के 93 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,82,530 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों (patients under treatment) की संख्या घटकर 1,842 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 से कोई नयी मौत न होने से मृतकों की संख्या 5,30,739 पर स्थिर है। वहीं, संक्रमण की दैनिक दर 0.07 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक दर 0.08 प्रतिशत दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,842 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 54 की कमी दर्ज की गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। भारत में अभी तक कुल 4,41,49,949 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.36 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


