रांची। झारखंड का तीन दिवसीय दौरा कर रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिला सदस्यों से बृहस्पतिवार को मुलाकात करेंगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में 25,000 से अधिक जनजातीय महिलाओं के भाग लेने की उम्मीद है। बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के दूसरे दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा, खूंटी स्थित बिरसा मुंडा कॉलेज के स्टेडियम में 25,000 के अधिक जनजातीय महिलाओं के राष्ट्रपति के साथ संवाद में शामिल होने की अपेक्षा है।
मुर्मू जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम और भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ द्वारा आयोजित ‘महिला एसएचजी सम्मेलन’ में स्वयं सहायता समूहों (SHG) की जनजातीय महिला सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी।
अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला एसएचजी को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि अपनी झारखंड यात्रा के दूसरे दिन मुर्मू विविध जनजातीय शिल्पों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल भी देखेंगी, जिनमें जनजातीय कला को प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न आदिवासी उत्पादों के 20 स्टॉल लगाए जाएंगे। झारखंड और बिहार के वन धन विकास केंद्रों और कई अन्य को इस प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


