बेलगावी। भारत जोड़ो यात्रा के बाद पहली बार कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने सोमवार को कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत की। राहुल गांधी ने कर्नाटक की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने साथ ही वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनी तो एससी और एसटी के आरक्षण में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा राहुल ने कांग्रेस पार्टी की ओर से कई और बड़ी घोषणाएं कीं। गौरतलब है कि कर्नाटक में अगले दो महीने में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं।
बहरहाल, कर्नाटक के बेलगावी में राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा- कर्नाटक सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है, कुछ भी करवाना हो तो 40 फीसदी कमीशन देना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा- यह देश किसी एक का नहीं है, अदानी का नहीं है। देश गरीबों और किसानों का है। राहुल ने यहां कांग्रेस के युवा क्रांति समागम की शुरुआत की।
इस मौके पर एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा- सरकार आने पर अनुसूचित जाति यानी एससी का आरक्षण 15 से बढ़ा कर 17 फीसदी करेंगे और अनुसूचित जनजाति यानी एसटी का आरक्षण तीन से बढ़ा कर सात फीसदी करेंगे और तीन साल तक हर ग्रेजुएट को तीन हजार रुपए हर महीने दिए जाएंगे। इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं को दो हजार रुपए महीना देने का ऐलान किया है।
बहरहाल, राहुल ने कहा- मैं जब भारत जोड़ो यात्रा के दौरान यहां से गुजर रहा था तो मुझे बताया गया कि कर्नाटक की सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है। इस प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता, चाहे कोई भी डिग्री ले लो, कर्नाटक की सरकार कर्नाटक में युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा- यहां कोई काम कमीशन के बिना नहीं होता। सरकार के 40 फीसदी कमीशन लेने की शिकायत कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन और स्कूल मैनेजमेंट ने पीएम को चिट्ठी लिखकर की थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने उनकी चिट्ठी का जवाब तक नहीं दिया। भाजपा के एक विधायक के बेटे के घूस लेते हुए पकड़े जाने का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा- यहां एमएलए का बेटा भ्रष्टाचार में पकड़ा जाता है, लेकिन सरकार उसकी रक्षा कर लेती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



