नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसके साथ ही बढ़ रही है एक्टिव केसेज की संख्या। बुधवार को एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 12 हजार के करीब पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार की सुबह अपडेट किए गए आंकड़े के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 2,151 नए केसेज मिले हैं और साथ ही सात मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है।
बुधवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 11,903 हो गई है, जो पिछले पांच महीने में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 12 नवंबर को एक्टिव केस 11,084 था। रोजाना की संक्रमण दर भी बढ़ कर 1.51 फीसदी हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को नए केस में 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले मंगलवार को 1,573 संक्रमित मिले थे, जबकि चार मरीजों की मौत हुई थी। पिछले नौ दिन में देश में नए केस तीन गुना बढ़े हैं। जब केसेज बढ़ना शुरू हुए थे तब 20 मार्च को 646 नए मरीज मिले थे।
बहरहाल, तीन राज्यों- महाराष्ट्र, गुजरात और केरल में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को इन तीनों राज्यों में औसतन तीन सौ से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में 450 नए संक्रमित मिले, जबकि तीन की मौत हो गई। राज्य में अक्टूबर के बाद पहली बार एक्टिव केस दो हजार से ऊपर पहुंच गए हैं। केरल में 332 नए केस मिले, तीन मरीजों की मौत हुई, जबकि गुजरात में 316 नए केस मिले। दिल्ली, कर्नाटक और हिमाचल में बुधवार को एक एक सौ से ज्यादा केस रिकॉर्ड किए गए। बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में 216 नए मरीज मिले। यहां एक्टिव केस 671 है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


