भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को बताया गया कि तीन लोगों की मौत शनिवार देर रात हो गई थी। करीब 35 लोगों की हालत गंभीर है। इनमें से कुछ लोगों के शरीर नीले पड़ गए हैं। जहरीली शराब का मामला सामने आने के बाद सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा के आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को निलंबित कर दिया गया है। गूगरा चौकी प्रभारी एएसआई पूरन सिंह और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा भी निलंबित किए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच शुरू हो गई है। इससे पहले सागर के आयुक्त, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की सात शराब दुकानों को सील किया गया है। अधिकारी दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



