राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बारिश के कारण रूकी अमरनाथ यात्रा

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में बाढ़, बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। असम में 24 घंटे में दो औ लोगों की मौत हो गई। इसके बाद बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 82 हो गई है। उधर गुजरात में लगतार बारिश जारी है। उत्तर प्रदेश में मानसून थोड़ा धीमा हुआ है लेकिन पहाड़ों में हो रही बारिश की कारण गंगा सहित दूसरी तमाम नदियां उफान पर हैं।

लगातार हो रही बारिश की वजह से एक बार फिर पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा रोक दी गई है। शनिवार को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। बताया गया है कि लगातार बारिश के कारण ढाई सौ किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले में हाईवे के एक हिस्से पर मरम्मत का काम चल रहा है, इसलिए तीर्थयात्रियों के किसी भी नए जत्थे को जम्मू बेस कैंप से कश्मीर घाटी के लिए जाने की इजाजत नहीं दी गई।

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में बादल फटने से कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है। बादल फटने की शनिवार को तड़के साढ़े तीन बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत एजेंसियों को मौके पर भेजा गया और प्रभावित इलाके से मलबा और कीचड़ हटाने का काम चल रहा है।

गुजरात में लगातार भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सूरत में सबसे अधिक 24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि 12 अन्य क्षेत्रों में 10 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को गुजरात और केरल राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। केरल में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन जैसे हालात हैं। इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग अलग भूस्खलन की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और बिहार समेत 12 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment