सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली में अपने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बारे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जिम्मेदार लोगों को जिम्मेदारी से बात करना चाहिए।
श्रीमती गांधी ने अपनी आत्मकथा में इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से समर्थन प्राप्त बताया है।
श्रीमती गांधी की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा ‘बिलोंगिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में उनके दावों का जवाब देते हुए श्री हजारे ने यहां कहा, “जिम्मेदार लोगों को जिम्मेदारी से बोलना चाहिए; अन्यथा वे अपनी ही कीमत घटा लेते हैं।”
अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए श्री हजारे ने कहा, “मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। मैं जो कुछ भी करता हूं, देश और समाज के कल्याण के लिए करता हूं।
अलग-अलग दृष्टिकोणों पर तंज कसते हुए श्री हजारे ने कहा, “इंसान जैसे चश्मे पहनता है, दुनिया उसे उसी रंग की दिखाई देती है।” श्रीमती गांधी ने अपनी आत्मकथा में श्री हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का जिक्र किया है और आरोप लगाया है कि इसे आरएसएस और भाजपा का अप्रत्यक्ष समर्थन हासिल था।
उन्होंने संप्रग सरकार के राजनीतिक पतन का कारण भी इस आंदोलन के प्रभाव को बताया, जिसने भ्रष्टाचार और शासन पर देशव्यापी बहस छेड़ दी थी। इस पुस्तक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल पर भी चर्चा की गई है।
Also Read : कैदियों के आदान-प्रदान पर सहमत हुए यूक्रेन और रूस
श्रीमती गांधी ने अपनी सास का बचाव करते हुए दावा किया है कि इंदिरा गांधी शुरुआत में आपातकाल लगाने को लेकर झिझक रही थीं और इस फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थीं। उन्होंने गांधी परिवार के भीतर अलग-अलग विचारों का भी जिक्र करते हुए कहा है कि श्री राजीव गांधी आपातकाल के खिलाफ थे, जबकि श्री संजय गांधी इसका समर्थन कर रहे थे। इस बीच, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता अंबादास दानवे ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी और भाजपा की आलोचना की।
श्री दानवे ने आरोप लगाया कि श्री हजारे को आंदोलन का चेहरा बनाकर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की साजिश रची गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि श्री हजारे ने बाद में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवाज क्यों नहीं उठाई और संकेत दिया कि इस बात पर सवाल खड़े होते हैं कि उनकी ओर से कौन बोल रहा था।
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए श्री दानवे ने विवादास्पद टिप्पणी की और आरोप लगाया कि भाजपा ने उन्हें पार्टी की तारीफ करने वाली समर्थक के रूप में रखा है। उन्होंने ऐसे लोगों को प्रमुखता देने के औचित्य पर भी सवाल उठाया, जिन्होंने उनके अनुसार सामाजिक कार्य में कोई खास योगदान नहीं दिया है।
इस जुबानी जंग ने श्री हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की राजनीतिक विरासत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के दौरान विभिन्न संगठनों की भूमिका तथा इसके राजनीतिक प्रभावों को नए सिरे बहस के केंद्र में ला दिया है।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



