नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में गड़बड़ियों को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब 17 राज्यों में मतदाता सूची की स्पेशल समरी रिवीजन यानी एसएसआर का ऐलान किया है। गौरतलब है कि मतदाता सूची का समरी रिवीजन यानी संक्षिप्त समीक्षा हमेशा चलती रहती है। इस बार स्पेशल समरी रिवीजन की घोषणा हुई है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान सहित 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह काम होगा।
संक्षिप्त समीक्षा के दौरान मतदाता सूची को और अद्यतन बनाया जाएगा। इसमें नए नाम जोड़े जाएंगे और पहले से दर्ज जानकारी में गलतियां सुधारी जाएंगी। आयोग ने कहा है कि 2027 में 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। गौरतलब है कि एसआईआर के दौरान 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 13 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।
बहरहाल, चुनाव आयोग ने कहा है कि जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर चल रहा है या हाल ही में पूरा हुआ है, वहां एसएसआर का शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा। चुनाव आयोग ने कहा है कि एसएएआर का मकसद वोटर लिस्ट को सही और अपडेट रखना है। इसके तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, दर्ज जानकारी में गलतियां सुधारने और जरूरी बदलाव करने का काम होगा। इसमें युवाओं और पहली बार वोट देने वाले लोगों को शामिल करने पर खास ध्यान दिया जाएगा।
आयोग ने बताया है कि एक जनवरी 2027 के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी पहले से आवेदन कर सकेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक दो नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों की व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद 12 नवंबर को मतदाता सूची की मसौदा कॉपी जारी होगी। मसौदा सूची में नाम या जानकारी को लेकर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को वोटर लिस्ट की अंतिम सूची जारी होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



