नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलिपींस की राजधानी मनीला में हुए आसियान-इंडिया समिट में कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। प्रधानमंत्री ने आपसी संबंधों को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि भारत विकास करेगा तो उससे आसियान देशों को भी फायदा होगा और साथ ही आसियान की समृद्धि भारत के विकास को गति देगी। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मुफ्त ई वीजा सुविधा शुरू करने से लेकर समुद्र के रास्ते कारोबार सहित कई प्रस्ताव रखे।
मोदी ने अपने भाषण में कहा कि विकसित भारत 2047 और आसियान का 2045 का विजन दोनों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें आसियान-इंडिया शिखर सम्मेलन में दोनों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव रखे। विदेश मंत्रालय की ओर से बताया गया कि पर्यटन, समुद्री सुरक्षा, तकनीक, ऊर्जा, शिक्षा और युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने की पहल का प्रस्ताव प्रधानमंत्री ने रखा।
बताया गया है कि प्रधानमंत्री ने आसियान देशों के पर्यटकों को भारत आने के लिए मुफ्त ई वीजा देने का प्रस्ताव रखा है। मोदी ने समुद्र के रास्ते व्यापार और आवाजाही बढ़ाने, समुद्र से जुड़ी रिसर्च, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, तटरक्षक बलों के बीच तालमेल और समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर लंबे समय तक काम करने की योजना भी आसियान देशों के सामने रखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल सबूत जुटाने के लिए साझा साइबर फॉरेंसिक ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने परमाणु ऊर्जा से जुड़ी तकनीक और जानकारी साझा करने के लिए तकनीकी आदान प्रदान का प्रस्ताव भी रखा। खनिज के क्षेत्र में खास कर रेयर अर्थ मैटेरियल्स की खोज और खनन के क्षेत्र में मिल कर काम करने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री ने रखा। उन्होंने युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने के उपाय करने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष तकनीक और उससे जुड़ी नई खोजों को बढ़ावा देने के लिए भी आसियान और भारत के बीच सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने आसियान देशों के ज्यादा छात्रों को नालंदा यूनिवर्सिटी में पढ़ने के लिए आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव भी रखा। इसके अलावा मोदी ने 2027 में होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट में आसियान और भारत की क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने का प्रस्ताव भी अपने भाषण में दिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



