Wednesday

30-07-2025 Vol 19

भाजपा ने चार नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए

323 Views

नई दिल्ली। भाजपा संगठन और केंद्र सरकार में बदलाव की अटकलों के बीच भाजपा ने अपने चार प्रदेश अध्यक्षों को बदल दिया है। पार्टी ने चार नए अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। पिछले दिनों राजस्थान और बिहार में नए अध्यक्ष बनाए गए थे। अब पार्टी ने पंजाब, झारखंड, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में नए अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। पार्टी केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना का अध्यक्ष बनाया है। वे बंदी संजय कुमार की जगह लेंगे, जिनके खिलाफ पिछले कुछ दिनों से पार्टी के नेता सवाल उठा रहे थे।

बहरहाल, तेलंगाना में किशन रेड्डी के अलावा पंजाब में सुनील जाखड़, आंध्र प्रदेश में डी पुरंदेश्वरी और झारखंड में बाबूलाल मरांडी को प्रदेश की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा ने ये नियुक्तियां की हैं। असल में पिछले दिनों पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की थी और बाद में संगठन के नेताओं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक हुई थी, जिसमें राज्यों में अनुभवी और कार्यकुशल अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला हुआ था।

इसी योजना के तहत सभी राज्यों में अनुभवी नेताओं को अध्यक्ष बनाया गया है। झारखंड में प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए बाबूलाल मरांडी प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे हैं। उससे पहले वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी मंत्री थे। सो, सरकार और संगठन दोनों का उनका लंबा  अनुभव है। गौरतलब है कि राज्य में लोकसभा की 14 सीटें हैं, जिनमें से पिछली बार भाजपा ने 12 जीती थी। मरांडी ने लंबे समय तक अपनी पार्टी भी चलाई है।

सुनील जाखड़ कुछ समय पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे। वे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सुनील जाखड़ को इससे पहले राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया था। डी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश में कमान दी गई है। वे टीडीपी के संस्थापक रहे एनटी रामाराव की बेटी हैं। अभी तक वे भाजपा की महासचिव थीं। तेलंगाना में भाजपा ने मोदी सरकार में मंत्री जी किशन रेड्डी को कमान सौंपी है। वहां कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *