नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कैबिनेट की बैठक करेंगे। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू की ओर से संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाए जाने की सूचना दिए जाने के तुरंत बाद कैबिनेट बैठक की जानकारी आई। शुक्रवार को एक बजे दिन में मोदी कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक सेवा तीर्थ में होगी। इसमें सत्र के एजेंडे, विधायी कामकाज और संसद के भीतर अपनाई जाने वाली रणनीति पर विचार होगा। महिला आरक्षण कानून में संशोधन के लिए बनाए गए 131वें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन बिल को भी कैबिनेट की मंजूरी दी जाएगी।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद विधेयक की कॉपी सांसदों को मिलेगी। बहरहाल, 30 नवंबर से सत्र बुलाए जाने की घोषणी के साथ ही राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने भी शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे बैठक बुलाई है, जिसमें विशेष सत्र को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। कहा जा रहा है कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि इस बार भी सरकार बिल नहीं पास करा पाए। पिछले दिनों कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया था कि डीएमके और शरद पवार की एनसीपी पूरी तरह से सरकार के खिलाफ हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



