नई दिल्ली। युवाओं के प्रतिरोध की आवाज के तौर पर बने सोशल मीडिया अकाउंट कॉकरोच जनता पार्टी ने राजनीतिक अभियान शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाने के सात दिन बाद इसकी ओर से पहला अभियान शुरू किया गया और वह अभियान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का है। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को पहला ऑनलाइन पिटीशन जारी किया, जिसमें नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई है।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘आज हम एक पिटीशन शुरू करने जा रहे हैं। जिसमें शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। आप सब लोग ज्यादा से ज्यादा इस पिटीशन पर साइन कीजिए, ताकि सिस्टम की गलती पर सवाल उठ सके’। गौरतलब है कि दीपके ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत द्वारा युवाओं पर की गई एक कथित टिप्पणी के विरोध में यह अकाउंट बनाया है।
इस बीच दीपके के अकाउंट को लेकर यह खबर भी फैलाई गई कि इंस्टाग्राम पर उनके करीब दो करोड़ फॉलोअर्स में ज्यादातर पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों के हैं। भारत के सिर्फ नौ फीसदी हैं। लेकिन असल में ऐसा नहीं है। इसमें 96 फीसदी फालोअर्स भारतीय हैं। एक दिन पहले 21 मई को इसका एक्स अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया। कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी वेबसाइट पर खुद को उन लोगों की राजनीतिक पार्टी बताया है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गिनती में नहीं लिया।


