राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

होली पर देश में हाई अलर्ट

नई दिल्ली। देश भर में शुक्रवार, 14 मार्च को होली मनाई जाएगी। लेकिन इस बार होली की धूमधाम और जोश, उत्साह से ज्यादा हाई अलर्ट की चर्चा है। उत्सव से ज्यादा सुरक्षा बंदोबस्तों पर ध्यान है। हर्ष और उल्लास से ज्यादा हिंसा की आशंका है। चार मार्च 1961 के 64 साल बाद इस साल होली और रमजान का जुमा एक साथ पड़ रहे हैं। तभी देश भर में पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना आदि राज्यों में सुरक्षा की खास व्यवस्था की गई है।

राजधानी दिल्ली में पुलिस ने शांति बहाल रखने के लिए एक सौ संवेदनशील जगहों की पहचान की है, जहां अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। दिल्ली की सड़कों पर शुक्रवार को 40 हजार के करीब जवान तैनात होंगे। ट्रैफिक पुलिस ने अलग से अपनी व्यवस्था की है। सड़कों और गलियों के अलावा छतों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस को अंदाजा है कि कुछ शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। बिहार में भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, सांसद धर्मशिला गुप्ता और दरभंगा की मेयर अंजुम आरा के बयानों से तनाव बना है। इसे देखते हुए पूरे राज्य में पुलिस अलर्ट पर है। पटना में छह सौ जगहों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

सबसे ज्यादा तनाव और आशंका उत्तर प्रदेश को लेकर है। उत्तर प्रदेश में होली से पहले मस्जिदों को तिरपाल से ढंक दिया गया है। शाहजहांपुर में सबसे ज्यादा 67 और संभल में 10 मस्जिदों को ढंका गया है। बरेली में भी पांच मस्जिदें ढंकी गई हैं। राज्य के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में जुमे की नमाज का वक्त बदला गया है। इनमें शाहजहांपुर, संभल, जौनपुर, मिर्जापुर, ललितपुर, औरैया, लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, उन्नाव, बरेली और अयोध्या शामिल हैं। अधिकतर जिलों में अब नमाज दो से ढाई बजे के बीच पढ़ी जाएगी। होली के दो दिन पहले से पुलिस सड़कों पर गश्त कर रही है।

इसी तरह मध्य प्रदेश में भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। इंदौर के महू में भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद दो समुदायों के बीच हुई झड़प को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट हैं। पुलिस ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि यदि होली के रंगों से दिक्कत हो तो मस्जिदों को प्लास्टिक से कवर कर दें। 21 जगहों पर होलिका दहन होना है। इन इलाकों के आसपास जहां जहां मस्जिदें हैं, वहां सुरक्षा के अतिरिक्त बंदोबस्त हैं। होली पर इंदौर में दो हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। हर जोन में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया गया है। होली के दिन मस्जिदों में दोपहर एक बजे होने वाली नमाज अब दो से तीन बजे के बीच होगी। सभी मस्जिदों के बोर्ड को पत्र भेजा गया है। होली के दौरान किसी तरह का विवाद ना हो, इसलिए रायपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। हुड़दंगियों को पकड़ने और शांति बनाए रखने के लिए रायपुर में 80 नाके लगाए गए हैं। गुरुवार से अगले 48 घंटे के लिए सड़कों पर लगातार पुलिस मुस्तैद रहेगी।

तेलंगाना में पुलिस ने होली के लिए विधिवत दिशा निर्देश जारी किए हैं। हैदराबाद पुलिस ने सड़क और सार्वजनिक जगहों पर लोगों पर जबरदस्ती रंग डालने पर रोक लगाई है। पुलिस की तरफ से जारी अधिसूचना कहा गया है कि ग्रुप में बाइक और कार से आने जाने पर भी रोक लगी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में शांति व्यवस्था भंग न हो इसके लिए यह नियम लागू किया गया है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × four =