राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

ज्ञानेश जेल जाएंगे

नई दिल्ली। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करके ताकत दिखाई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को रद्द कराने के लिए हुई इस रैली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद मोदी का नंबर आएगा। राहुल सहित कई वक्ताओं ने कहा कि ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे।

राहुल ने अपने भाषण में दावा किया कि पहले ज्ञानेश कुमार को हटाया जाएगा और उसके बाद मोदी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ ब्लॉक भारत से लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देगा। राहुल ने आगे कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाएगा और उसके बाद नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। राहुल ने कहा वोट चोरी कोई आम चोरी का मामला नहीं है। राहुल ने इसे ‘रेयरेस्ट ऑफ द रेयर’ क्राइम बताया।

राहुल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इस बात का हवाला दिया कि मोदी कहीं नहीं जाएगा और उसके बाद कहा, ‘उनको कहीं जाने ही नहीं दिया जाएगा। वे कहीं भाग नहीं सकते हैं। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके पीछे आएंगे। कानूनी कार्रवाई होगी’। राहुल ने रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां से उठने वाली आवाज किसी राजनीतिक दल की आवाज नहीं है, बल्कि भारत के किसानों, युवाओं और लोगों की आवाज है।

इससे पहले रविवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता और राजद नेता तेजस्वी यादव सहित करीब 20 पार्टियों के नेता रामलीला मैदान पहुंचे। कनॉट प्लेस और मिंटो रोड के क्रॉस सेक्शन से जुलूस की शक्ल में खुली गाड़ी में विपक्षी नेता रामलीला मैदान पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी भी रैली में शामिल हुए। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, एनसीपी की सुप्रिया सुले, सीपीएम के महासचिव एमए बेबी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती आदि नेता भी मंच पर मौजूद थे।

रैली में समापन भाषण राहुल गांधी ने दिया। उन्होंने अपने भाषण में कहा, ‘ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता। वो डर रहा है, उसने सबसे बड़ा क्राइम किया है। देश की आवाज को बंद करने की कोशिश की, उसका गला घोंटा है’। उन्होंने कहा, ‘न तो मोदी, न ही शाह, वो भी सो नहीं पा रहे। हम दुश्मनी वाले लोग नहीं है। हमें नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है। ये प्रोटेस्ट किसी एक पार्टी, एक नेता का नहीं है। ये देश का प्रोटेस्ट है। देश की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है’।

राहुल ने कहा, ‘आपने अडानी को जो देश बेचा है, उसका बदला लेंगे। आपको भागने नहीं देंगे, आप यहीं के यहीं रहोगे। कार्रवाई होकर रहेगी’। राहुल गांधी ने अपने भाषण में एक दिन पहले जन महाभियोग में किए गए दावे को दोहराया और कहा कि 2024 में विपक्षी गठबंधन सिर्फ तीन फीसदी वोट से हारा था, जबकि चुनाव आयोग ने एसआईआर के जरिए अब उसी वोटर लिस्ट में से 15 फीसदी लोगों के नाम हटा दिए। इस आधार पर उन्होंने चुनाव को अवैध बताया।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment