राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

लोकसभा चुनाव 2024 अवैध

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर बहुत बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को अवैध बताते हुए कहा कि एसआईआर में देश के 15 फीसदी लोगों के नाम काट दिए गए हैं। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चेतावनी देते हुए कहा कि वे बचेंगे नहीं। राहुल ने कहा कि आज नहीं तो कल जवाब देना होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित जन महाभियोग पर हुई चर्चा के अंत में जवाब देते हुए राहुल गांधी ने 15 फीसदी नाम काटे जाने की जिक्र करके दावा किया कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग खुद ही साबित कर रहा है कि यह चुनाव अवैध था और इस चुनाव के जरिए जो लोकसभा में पहुंचे हैं वे अवैध तरीके से पहुंचे हैं।

राहुल ने कहा, ‘मैं एक छोटा से बिंदु सामने रखना चाहता हूं। 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम डिलीट कर दिए गए। इसका अर्थ है कि हर सात में से एक मतदाता का नाम हटा दिया गया। यह कुल मतदाता का 15 फीसदी बनता है’। इसके आगे राहुल ने कहा, ‘पिछले लोकसभा चुनाव में विपक्ष और चुनाव जीतने वालों के बीच तीन फीसदी वोट का अंतर था। सो, चुनाव तीन फीसदी वोट से जीता गया, जबकि अब चुनाव आयोग कह रहा है कि 15 फीसदी लोगों ने कभी वोट डाला ही नहीं। इसका मतलब है कि चुनाव आयोग खुद कह रहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था’।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा, ‘हम एक चेतावनी दे रहे हैं चीजें बदल रही हैं। यहां एक नया पॉलिटिकल हथियार तैयार हो रहा है। हम कोई दुश्मन नहीं है, लेकिन हम देश और संविधान की आवाज को उठाएंगे, उसकी रक्षा करेंगे। देश की जनता हमारी ताकत हैं। यह एक परीक्षा है सरकार की’।

राहुल गांधी ने कहा, ‘अगर ज्ञानेश सोच रहे हैं कि मोदी शाह उन्हें बचा लेंगे तो देखिए देश में क्या हो रहा है। लोगों का मूड क्या है। आप लगे रहिए वोट चोरी करवाने में। मैं गारंटी देता हूं कि जो लोग सड़कों पर हैं, वे कभी नहीं भूलेंगे कि आपने उनके साथ क्या किया’। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर हमला करते हुए राहुल ने कहा ‘आपने देश की आत्मा पर हमला किया है। और हम इसके लिए आपको छोड़ेगे नहीं। राज्यसभा लोकसभा में आप हमें बोलने नहीं देते, लेकिन आज हम यहां हैं तो हम जनता के सपोर्ट के कारण खड़े हैं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment