झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा घेराव तक पहुंच गया।
बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के बाहर जुटे और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
शुरुआत में छात्रों का आंदोलन कुछ घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन की ओर से भी प्रदर्शनकारियों के साथ संयम बरतते हुए उन्हें नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए प्रशासन की ओर से हल्के स्तर पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।
Also Read : अतीक के बेटे उमर के काफिले पर टोल न देने और बैरियर तोड़ने का मुकदमा
हालांकि, बाद में कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाकर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इससे मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस लगातार छात्रों को आगे बढ़ने से रोकती रही, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर जाने पर अड़े रहे।
इसी बीच चल रहे झारखंड मानसून सत्र को छोड़कर जेएलकेएम के डुमरी विधायक जयराम महतो भी विधानसभा के बाहर आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ धरने पर बैठकर उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। जयराम महतो के छात्रों के बीच पहुंचने और उनके साथ धरने पर बैठने से प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ा।
छात्र जेपीएससी और जेएसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। विधानसभा घेराव के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के कारण प्रशासन ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
फिलहाल विधानसभा के बाहर छात्रों का प्रदर्शन जारी है और स्थिति पर पुलिस-प्रशासन की नजर बनी हुई है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



