नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और पाकिस्तान के मसले में खास कर कश्मीर के मसले पर पंचायत करने को बेचैन हैं। हालांकि भारत ने उनकी पंच बनने की पहल पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन ट्रंप ने 24 घंटे में दो बार भारत, पाकिस्तान और कश्मीर को लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया। वे सीजफायर का भी श्रेय लेने को कुछ ज्यादा ही बेचैन नजर आ रहे हैं।
भारत व पाकिस्तान के बीच शनिवार को हुए सीजफायर को लेकर बनी सहमति का ऐलान राष्ट्रपति ट्रंप ने ही किया था लेकिन रविवार को एक बार फिर उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर टिप्पणी की। उन्होंने इसके लिए दोनों देशों के नेताओं की जम कर तारीफ की। साथ ही कश्मीर मुद्दे के समाधान करने की पेशकश भी कर डाली।
ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘मुझे भारत व पाकिस्तान के मजबूत नेतृत्व पर गर्व है, जिनके पास इस बात को समझने व जानने की पर्याप्त बुद्धिमता, ताकत व दूरदर्शिता है कि मौजूदा आक्रामण को समाप्त करने का यह सही समय है, नहीं तो इससे काफी ज्यादा विध्वंस और मौतें होती। लाखों ईमानदार और अच्छे लोगों की मौत हो जाती। आप लोगों ने अपने वीरतापूर्ण काम से अपनी परंपरा को मजबूत किया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे लिखा, ‘मुझे इस बात का गर्व है कि अमेरिका ने आप दोनों को इस एतिहासिक व वीरतापूर्ण नर्णय पर पहुंचने के लिए मदद की। हालांकि अभी इस बारे में मेरी कोई बात नहीं हुई है लेकिन मैं इन दोनों महान देशों के साथ कारोबार में काफी वृद्धि करने जा रहा हूं। इसके अलावा, मैं आप दोनों के साथ काम करूंगा कि अगर हजारों साल बाद कश्मीर को लेकर किसी समाधान पर पहुंचा जा सकता हो। भारत व पाकिस्तान के नेतृत्व को एक बेहद अच्छा काम करने के लिए भगवान इनका भला करे’। गौरतलब है कि पाकिस्तान की ओर से भारत व पाकिस्तान को किसी तटस्थ जगह पर वार्ता करने और कश्मीर मुद्दा सुलझाने का प्रस्ताव दिया जा रहा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




