विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पिघला हुआ लोहा मजदूरों के ऊपर गिर गया, जिसकी वजह से आठ की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। बताया गया है कि राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड यानी आरआईएनएल प्लांट में करीब 16 सौ डिग्री तापमान वाला पिघला हुआ लोहा यानी मोल्टन आयरन मजदूरों पर गिर गया। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
बताया गया है कि स्टील प्लांट में क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट में पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बकेट का संतुलन बिगड़ गया और उसमें भरा गर्म लोहा नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कही दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक तो नहीं हुई। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया। सरकार की ओर से घायलों को बेहतर इलाज दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


