नई दिल्ली। विमान सेवाओं में हादसों, पैनिक और गड़बड़ियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार, 14 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई 2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी को विमान से हाईजैक का सिग्नल मिला था। उसने यह जानकारी जयपुर एटीसी से साझा की गई। इसके करीब 45 मिनट बाद विमान को सुबह 9.45 बजे जयपुर में उतारा गया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि पायलट की गलती से अलर्ट मैसेज जारी हो गया। हालांकि, पूछताछ में उसने गलती स्वीकार नहीं की। जानकारी के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात पौने 10 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। उसे 14 अक्टूबर की सुबह 10 बज कर 40 मिनट पर दिल्ली पहुंचना था, लेकिन विमान को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। करीब साढ़े चार घंटे की जांच के बाद दोपहर ढाई बजे विमान को दिल्ली रवाना किया।
गौरतलब है कि 30 सितंबर को इजराइल जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट से भी हाइजैक सिग्नल कोड भेजा गया था। इस के को पायलट ने हाइजैक और क्रैश करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने ऐसा होने से रोक दिया था। बहरहाल, एयर इंडिया की ओर से बताया गया है कि विमान ने जयपुर में सुरक्षित लैंडिंग की। संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने जरूरी जांच पूरी करने के बाद विमान और चालक दल को क्लियर कर दिया है। इसके बाद सभी यात्रियों को ढाई बजे के करीब दिल्ली भेज दिया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



