नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ के हालात बने हैं। कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है। देश के 22 राज्यों के 235 जिले इस समय बाढ़ से प्रभावित हैं। बारिश और बाढ़ की वजह से हजारों मकान टूटे हैं और बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। बाढ़ के चलते लाखों हेक्टेयर में खड़ी फसल बरबाद हुई है। एक अनुमान के मुताबिक जुलाई के महीने में सात सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और हजारों पशु भी मरे हैं।
एक दिन पहले गुरुवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन की वजह से पूरा गांव तबाह हो गया। इसमें 16 लोगों की मौत हो गई। रायगढ़ की छह में से तीन नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाकी तीन नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली में बारिश नहीं हो रही है लेकिन शुक्रवार को यमुना नदी में पानी एक बार फिर खतरे के निशान तक पहुंच गया। उधर हरियाणा के सिरसा जिले में घग्गर नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे सिरसा शहर में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


