राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

गैस महंगी हुई, तेल भी होगा

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में दूसरे और आखिरी चरण का मतदान समाप्त होने के एक दिन के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई है। व्यावसायिक इस्तेमाल वाले सिलेंडर की कीमत में एक बार में 944 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद देश भर में सिलेंडर की कीमत तीन हजार रुपए से ज्यादा हो गई है। एक मई से यह बढ़ोतरी लागू हो गई है। इसके साथ ही खुले बाजार में बिकने वाले पांच किलो के छोटे सिलेंडर के दाम में भी 261 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

रसोई गैस के किसी भी सिलेंडर में हुई यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले मार्च और अप्रैल में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपए और 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। लेकिन सभी से अंदाजा लगाया जा रहा था कि बंगाल चुनाव खत्म होने के बाद गैस और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होगी। एक मई को हुई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3071.50 रुपए हो गई है।

इस बीच खबर है कि पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी होगी। पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि जल्दी ही इसकी कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कीमत बढ़ना अनिवार्य हो गया है। पश्चिम एशिया में चल रही जंग से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। साथ ही कच्चे तेल के दाम बढ़ने से भी पेट्रोलियम कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।

बहरहाल, खुले बाजार में मिलने वाले पांच किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी यानी एफटीएल सिलेंडर की कीमतों में 261 रुपए का इजाफा किया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इस सिलेंडर की कीमत 813.50 रुपए हो गई है। हालांकि घरेलू रसोई गैस और घरेलू इस्तेमाल वाले छोटे सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। छोटे सिलेंडर की कीमत पहले 552.50 रुपए थी। इनका इस्तेमाल आमतौर पर प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे दुकानदार करते हैं। उनके जीवन पर इसका बड़ा असर पड़ेगा। कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,078.50 रुपए थी, जो बढ़ कर 3071.50 रुपए हो गई है। इससे रेस्तरां, ढाबा, कैंटीन आदि में खाने की चीजें बहुत महंगी होंगी। शादियों की कैटरिंग भी महंगी हो सकती है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 − eleven =