तेल अवीव। इजराइल ने स्वीडिश पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को गाजा जाने से रोक दिया है और उनके जहाज को कब्जे में ले लिया है। सोमवार तड़के इजराइल की पांच स्पीड बोट्स ने समुद्र में उनके जहाज को घेर लिया। इसके बाद सैनिकों ने जहाज पर चढ़कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया। यह जहाज गाजा के लोगों के लिए राहत सामग्री लेकर जा रहा था। मैडलीन नाम के इस जहाज पर 12 लोग सवार थे। सभी सेना की हिरासत में हैं। इस जहाज को गाजा की जगह इजराइल ले जाया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन सभी कार्यकर्ताओं को अशदोद बंदरगाह ले जाया गया है। यह इजराइल के पश्चिम में एक अहम बंदरगाह है। गाजा से इसकी दूरी 27 किलोमीटर है। बताया गया है कि इजराइल ग्रेटा थनबर्ग और बाकी लोगों को हमास के सात अक्टूबर 2023 के हमले के वीडियो दिखाएगा। रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सेना को यह आदेश दिया है। काट्ज ने यह आदेश देते हुए खासतौर पर थनबर्ग का नाम लिया। उन्होंने कहा कि ग्रेटा और उनके हमास समर्थक साथियों को देखना चाहिए कि हमास असल में क्या है और उन्होंने कैसे इजराइल की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मारा।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें ग्रेटा थनबर्ग और उनके साथियों को इजराइली नौसेना इजराइल ले जा रही है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज करते हुए लिखा, ‘सेल्फी यॉट’ के सभी यात्री ठीक और सुरक्षित हैं। उन्हें सैंडविच और पानी मुहैया कराया गया है। शो अब खत्म हो चुका है। एक और पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि इन कार्यकर्ताओं को इजराइल ले जाने के बाद उनके देश भेज दिया जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


