गुजरात में मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सोमवार को मतगणना जारी रहने के बीच 19 में से 12 दौर की गणना पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सतीश पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार से 19,000 से अधिक मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, 12 दौर की गणना के बाद पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर 19,368 मतों की बढ़त बनाते हुए 34,345 वोट हासित किए। रबारी को अब तक 14,977 वोट मिले हैं।
मतगणना सुबह आठ बजे वडोदरा के मकरपुरा क्षेत्र स्थित भवन स्कूल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। मांजलपुर सीट पर 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ।
Also Read : दतिया उपचुनाव: कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पर नौ हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाई
भाजपा विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का दो जून को निधन हो जाने के कारण यह उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी। पटेल लंबे समय से बीमार थे।
भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने गुजरात इकाई के अपने उपाध्यक्ष भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया।
मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजों का राज्य विधानसभा में भाजपा की ताकत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि वडोदरा शहर में भाजपा के गढ़ में कांग्रेस किस तरह मुकाबला करती है।
गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के वर्तमान में 161 विधायक हैं। इसके बाद कांग्रेस के 12, आम आदमी पार्टी (आप) के पांच, दो निर्दलीय और समाजवादी पार्टी (सपा) का एक विधायक है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


