राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

हसीना की वापसी पर भारत ने रखी शर्त

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ढाका वापसी को लेकर भारत ने शर्तें रखी हैं। ब्रिटिश मीडिया ‘बीबीसी’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत चाहता है कि शेख हसीना सुरक्षित ढाका लौटें और वहां उनके ऊपर चल रहे मुकदमों की निष्पक्ष सुनवाई हुई। ‘बीबीसी’ बांग्ला के मुताबिक भारत ने बांग्लादेश सरकार के सामने दो शर्तें रखी हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और हसीना को अपने साथ वापस ले जाए। भारत की दूसरी शर्त है कि फांसी की सजा के खिलाफ बांग्लादेश सरकार उन्हें निष्पक्ष सुनवाई का भरोसा दे। यानी बांग्लादेश लौटने पर उन्हें अदालत में अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिले। हालांकि, भारत सरकार ने इन दोनों शर्तों पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेख हसीना ने कहा था कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने कहा था कि चाहे उनको फांसी पर चढ़ा दिया जाए लेकिन वे अपने लोगों के बीच लौटेंगी। अब ‘बीबीसी’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत पिछले कुछ दिनों से हसीना की ढाका वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार से बातचीत कर रहा है। शेख हसीना पांच अगस्त 2024 को सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं।

किसी भारतीय अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर शेख हसीना को वापस ले जाना है, तो बांग्लादेशी सेना को ही ऐसा करना होगा। इसके लिए बांग्लादेश सैन्य विमान दिल्ली भेज सकता है या अपनी सेना के जरिए उन्हें सीमा तक ला सकता है। भारत इस पूरी प्रक्रिया में जरूरी इंतजाम करने को तैयार है। भारत चाहता है कि शेख हसीना को सुरक्षित तरीके से बांग्लादेश ले जाया जाए। उनकी वापसी के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो।

गौरतलब है कि बांग्लादेश की अदालत हसीना को मौत की सजा सुना चुकी है। तभी भारत चाहता है कि उन्हें इस फैसले के खिलाफ अपील करने का मौका मिले। भारत यह भी चाहता है कि, जुलाई 2024 में हुई हिंसा से जुड़े आरोपों पर नए सिरे से सुनवाई हो। रिपोर्ट में कहा गया है कि बांग्लादेश की ओर से पक्के आश्वासन के बगैर भारत शेख हसीना को नहीं सौंपना चाहता है। भारत चाहता है कि इस पूरी सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वर्ल्ड मीडिया की नजर रहे।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment