युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 15 साल और 232 दिन की उम्र में पुरुषों के टी-20 इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। उन्होंने शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार के पहले मैच में उतरकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।
यह सूर्यवंशी के छोटे से करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है। जिम्बाब्वे में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने के दस महीने और भारत के लिए टी-20 डेब्यू के महज पांच महीने बाद उन्होंने यह मुक़ाम हासिल किया है। सूर्यवंशी के टीम में आने से बिहार को काफी मजबूती मिली है। टीम 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले हिस्से में लगातार चार हार के बाद पहले से ही दबाव में थी।
Also Read : कुलदीप यादव टेस्ट टीम से बाहर
हालांकि, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद सूर्यवंशी सिर्फ 12 गेंदों पर 18 रन ही बना सके। उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। इस मैच के बाद सूर्यवंशी केवल एक और एसएमएटी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद वह दोहा में 19 नवंबर से शुरू होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स एमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। यह टूर्नामेंट 50 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा।
भारत के लिए सूर्यवंशी का पिछला मैच न्यूजीलैंड दौरे पर था। उस मैच में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ सिर्फ़ 7.1 ओवर में 133 रन की सलामी साझेदारी की थी और 19 गेंदों पर 45 रन बनाए थे। भारत ने वह सीरीज़ 3-2 से जीती थी और सूर्यवंशी ने उस सीरीज़ में दो टी-20 खेले थे।
शनिवार का मैच बिहार के लिए सूर्यवंशी का आठवां टी-20 मैच था। यह कुल मिलाकर उनका 44वां टी-20 मैच था। इनमें से 23 मैच उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले हैं। पिछले साल नवंबर में उन्होंने एसीसी राइजिंग स्टार्ट टूर्नामेंट में भारत ए की ओर से यूएई के खिलाफ 42 गेंदों पर 144 रन बनाकर किसी भारतीय द्वारा संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज टी-20 शतक लगाया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



