नई दिल्ली। ब्लैक सी में यूक्रेन के हमले में भारतीय नाविक की मौत और कई नाविकों के घायल होने के मामले में भारत ने यूक्रेन के राजदूत को तलब किया और नाराजगी जताई। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में यूक्रेन के राजदूत डॉ. ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब किया। गौरतलब है कि भारतीय नाविकों के संगठनों ने ब्लैक सी में हमले के लिए यूक्रेनी ड्रोन को जिम्मेदार बताया है। विदेश मंत्रालय ने इस मामले को यूक्रेन के सामने मजबूती से उठाया है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जहाज एमवी ओमोर्फी पर 18 जुलाई को ब्लैक सी से गुजरते समय हमला हुआ था। मंत्रालय ने पिछले हफ्ते जारी एक बयान में कहा था कि यह हमला कथित तौर पर रूसी क्षेत्रीय जलक्षेत्र में हुआ। हमले के समय जहाज पर चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। इनमें तीन भारतीय नागरिक थे। हमले में भारतीय चालक दल के सदस्य और चीफ ऑफिसर सागर गुप्ता की मौत हो गई। जहाज पर मौजूद दो अन्य भारतीय सुरक्षित बताए गए हैं।
भारत ने जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों और सिविलियन चालक दल पर हमले स्वीकार नहीं किए जा सकते। मंत्रालय ने सभी पक्षों से समुद्री आवाजाही की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वैश्विक व्यापार के मुक्त प्रवाह को बनाए रखने की अपील की है। भारत का कहना है कि व्यावसायिक जहाजों के समुद्री मार्गों की सुरक्षा जरूरी है और सिविलियन नाविकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


