नई दिल्ली। दुनिया के 11 देशों के समूह ब्रिक्स की दो दिन की बैठक 12 सितंबर से शुरू हो रही है। लेकिन भारत के पड़ोसी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान इसमें शामिल नहीं होंगे। हालांकि बांग्लादेश ब्रिक्स का सदस्य नहीं है लेकिन उनको सम्मेलन के आउटरीच सेशन में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया था। गुरुवार को बांग्लादेश की तरफ से कह दिया गया कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली नहीं आएंगे।
माना जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत में शरण लेने और उनकी ओर से हाल में किए गए वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस बांग्लादेश सरकार नाराज है। तभी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ने दूसरी बार भारत की यात्रा रद्द की है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने इसकी पुष्टि की है। गुरुवार को ढाका में पत्रकारों ने रहमान के नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा। इस पर कबीर ने कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री को तो न्योता नहीं मिला। न्योता बिम्सटेक के चेयरमैन को मिला है’। गौरतलब है कि बांग्लादेश ब्रिक्स का सदस्य नहीं है। भारत ने बिम्सटेक के मौजूदा चेयरमैन के तौर पर तारिक रहमान को ब्रिक्स सम्मेलन के आउटरीच सेशन में शामिल होने का न्योता दिया था। ध्यान रहे बिम्सटेक दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया के देशों का क्षेत्रीय संगठन है। इसमें भारत और बांग्लादेश भी शामिल हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



