वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि नवंबर के मिडटर्म चुनाव में अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत बरकरार रखती है, तो हर बालिग अमेरिकी को पांच हजार डॉलर यानी करीब 4.76 लाख रुपए दिए जाएंगे। डलास में रिपब्लिकन कन्वेंशन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने यह बयान दिया। उन्होंने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया और कहा कि यह अमेरिका की ‘आर्थिक ताकत और सफलता’ की वजह से दिया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि डिविडेंड की रकम अमेरिका में ही खर्च करनी होगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा, भुगतान का दायरा क्या होगा और रकम किस तरह बांटी जाएगी। गौरतलब है कि अमेरिका में करीब 26.98 करोड़ वयस्क हैं। अगर सभी को पांच हजार डॉलर दिए जाएं तो कुल खर्च करीब 1.35 ट्रिलियन डॉलर यानी 128.25 लाख करोड़ रुपए होगा। यह रकम दुनिया के करीब 162 देशों की इकोनॉमी से ज्यादा है।
अमेरिका की अर्थव्यवस्था 2025 में करीब 30.8 ट्रिलियन डॉलर की थी। हर बालिग अमेरिकी को पांच हजार डॉलर देने की योजना पर करीब 1.3 ट्रिलियन डॉलर खर्च होगा, जो अमेरिका की जीडीपी के 4.2 फीसदी के बराबर होगी। इस योजना को लागू करने के लिए संसद की मंजूरी जरूरी होगी। गौरतलब है कि अमेरिका का सालाना बजट घाटा करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज 40 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



