राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चक्रवाती तूफान अर्णब से आंध्र, ओडिशा में तबाही

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्णब कमजोर पड़ गया है लेकिन अपने पीछे बड़ी तबाही छोड़ गया है। सबसे ज्यादा तबाही आंध्र प्रदेश और ओडिशा में हुई है। दोनों राज्यों में छह लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। इस तूफान के कारण हुई भीषण बारिश से ओडिशा के कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। गुरुवार की रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा के गंजम जिले में लगातार चार दिन से भारी बारिश हो रही है। इससे करीब तीन सौ गांवों में बाढ़ आ गई है।

राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर से निकालने की तैयारी कर रही है। ओडिशा सरकार की ओर से बताया गया है कि राज्य में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उधर, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक रेलवे पुल पानी में डूब गया है, जिसके चलते दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन फंसे यात्रियों को सड़क के रास्ते निकालने की तैयारी कर रहा है।

इस चक्रवाती तूफान के असर से मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित 15 राज्यों में भी बुधवार रात से बारिश हो रही है। इन राज्यों में अगले दो दिन बारिश जारी रह सकती है। तेज बारिश की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ के 12 और ओडिशा के 16 जिलों में गुरुवार को स्कूल बंद रखे गए थे। गौरतलब है कि चक्रवाती तूफान अर्णब बुधवार को तड़के साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अर्णब कमजोर होकर गुरुवार सुबह तक डिप्रेशन और शाम तक कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment