नई दिल्ली। खुदरा महंगाई नौ महीने में सबसे ज्यादा हो गई है। खाने पीने की चीजों खास कर सब्जियों की कीमत में हुई बेहिसाब बढ़ोतरी की वजह से खुदरा महंगाई दर में जबरदस्त इजाफा हुआ है। सितंबर के महीने में खुदरा महंगाई दर बढ़ कर 5.49 फीसदी पर पहुंच गई, जो एक महीने पहले अगस्त में ये 3.65 फीसदी पर थी। यह उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा महंगाई का नौ महीने का उच्चतम स्तर है। सब्जियों की महंगाई दर 11 फीसदी से बढ़ कर 36 फीसदी हो गई है।
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में यानी सितंबर में खाने पीने की चीजों की महंगाई दर 5.66 से बढ़कर 9.24 फीसदी हो गई है। शहरी महंगाई भी महीने दर महीने आधार पर 3.14 से बढ़कर 5.05 फीसदी हो गई। ग्रामीण महंगाई 4.16 फीसदी से बढ़ कर 5.87 फीसदी पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि खुदरा महंगाई तय करने में करीब 50 फीसदी योगदान खाने पीने की चीजों का होता है। इसकी महंगाई महीने दर महीने आधार पर तो बढ़ी ही है सालाना आधार पर भी एक फीसदी के करीब बढ़ी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


